
दिनारा (रोहतास) शराबबंदी के नाम पर बिहार में गरीब एवं निचले तबके के लोगों को परेशान किया जा रहा है ।यहां पर शराबबन्दी है। लेकिन जहरीली शराब बनाने वाले को बंद नहीं किया जाता। उक्त बातें रविवार को भलुनी धाम में आयोजित समरसता दही चुड़ा भोज में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र नीरज सिंह ने कहीं। उन्होंने कहा कि जो सिंधु प्रदेश से समुद्र तक इस पूर्ण भूमि पर रहता है वह हिंदू है। धर्म तो केवल एक ही है वह सनातन और हम सभी सनातनी हैं। समय-समय पर आतताई हमारे धर्म और आस्था पर आक्रमण करते रहे हैं ताकि सनातन धर्म को समाप्त कर सकें लेकिन उन्हें क्या पता हमारे सनातन धर्म की आस्था इतनी मजबूत है कि वह आज तक डिग नहीं सका है। हम मंदिरों के साथ पर्वत एवं नदियों की पूजा करते हैं। उन्हें कैसे तुम समाप्त कर सकते हो। उन्होंने कहा कि बिहार का इतिहास अत्यंत उज्जवल रहा है ।जहां नालंदा विश्वविद्यालय, जैन एवं बौद्ध धर्म का प्रकाश फैला था लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि आज देश के अत्यंत पिछड़े राज्यों में बिहार खड़ा है। इसका वजह यहां की सत्ता पर आसीन नेताओं ने अपने निजी स्वार्थ की राजनीति में प्रदेश को झोंक दिया है। 1991 में महाराष्ट्र एवं कर्नाटक में जहां आई टी हब का विकास हो रहा था ।उस समय बिहार में चरवाहा विद्यालय खुल रहा था। आज भी बिहार में जातीय जनगणना पर करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं। वहीं बगल के प्रदेश उत्तर प्रदेश में ग्लोबल सम्मिट चल रहा है। जहां दस लाख करोड़ रुपए का निवेश आ रहा है ।यही बिहार की सच्चाई है।
उन्होंने इस बड़े कार्यक्रम के आयोजन के लिए भाजपा राजेंद्र सिंह को धन्यवाद देते हुए कहा कि वे जब भी दिल्ली आते हैं तो दिनारा के विकास के लिए कोई ना कोई कार्य लेकर ही आते हैं। उन्होंने बिहार के युवाओं से आह्वान किया कि आगे आकर वे अपनी युवा शक्ति को पहचाने और बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी के साथ जुड़े और उसका हाथ मजबूत करें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सभापति अवधेश नारायण सिंह ने इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए राजेंद्र सिंह को धन्यवाद देते हुए कहा कि मैं भी मां यक्षिणी भवानी के दरबार से आज ही स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव के प्रचार का शुभारंभ कर रहा हूं। कार्यक्रम के आयोजक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह ने समरसता दही चूड़ा भोज में शामिल होने के लिए नीरज सिंह को धन्यवाद देते हुए कहा कि श्री सिंह युवा दिलों के सम्राट हैं और इस क्षेत्र की जनता अपार स्नेह और प्रेम उनके साथ है। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीता सिंह कुशवाहा ने की तथा मंच संचालन विजय क्रांति ने किया।
इस मौके पर प्रो बलिराम मिश्रा, संतोष रंजन राय, पूर्व मुखिया डॉ जितेंद्र कुमार पाठक, डीपीएस के निदेशक अखिलेश कुमार, वरिष्ठ पत्रकार कन्हैया भेलारी, ज्वाला सिंह, मुखिया संघ अध्यक्ष रंजय सिंह, मुखिया मुरलीधर दुबे, सत्येंद्र सिंह, बम सिंह, शहरी तिवारी, बच्चन चौबे, पूर्व मुखिया आशा सिंह, राजेश्वर सिंह, महेंद्र तिवारी, संतोष पटेल, जिला पैक्स अध्यक्ष संघ मनोज पटेल, संतोष शर्मा, हरेराम ठाकुर, गोपाली सिंह,मंडल अध्यक्ष परमहंस राय, विंध्याचल केसरी सहित भारी संख्या में कई अन्य लोग मौजूद थे।