मुंबई, 09 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व उपमुख्यमंत्री दिवंगत अजित पवार विमान हादसे को लेकर केस दर्ज करने की मांग को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राऊत ने सीधे तौर पर भाजपा को चुनौती दी है। उन्होंने सवाल उठाया है कि यदि कर नहीं तो डर कैसा? उन्होंने एफआईआर दर्ज करने की मांग फिर दोहराई है।

राऊत ने मुख्यमंत्री और सत्ताधारी पार्टी की आलोचना करते हुए कहा कि दुर्घटना का सच सामने लाने की बात हो रही है, लेकिन इसके लिए एफआईआर दर्ज नहीं की जा रही है। उन्होंने सरकार पर संबंधित एयरलाइन के खिलाफ केस दर्ज करने में आनाकानी करने का भी आरोप लगाया। राऊत ने सुझाव दिया कि उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, सांसद पार्थ पवार और जय पवार को भी इस मामले में पहल करनी चाहिए। विपक्ष के खिलाफ जल्दी केस दर्ज हो जाते हैं। लेकिन सत्ता पक्ष के ही घटक दल के नेता की संदिग्ध मौत पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है?
विमान हादसे मामले में एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार ने शुरू से ही केस दर्ज करके गहन जांच करने की मांग कर रहे हैं। हालांकि कर्नाटक में ज़ीरो एफआईआर दर्ज हुई है। लेकिन महाराष्ट्र में अभी तक कोई केस दर्ज नहीं हुआ है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल और बारामती सीट से नामांकन वापस लेने वाले उम्मीदवार आकाश मोरे ने भी एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार
