रुद्रप्रयाग, 09 अप्रैल (हि.स.)। केदारनाथ धाम की आगामी 22 अप्रैल से प्रस्तावित यात्रा को लेकर प्रशासन ने विपरीत मौसम के बावजूद तैयारियों को तेज कर दिया है। लगातार हो रही बर्फबारी से जहां व्यवस्थाओं में चुनौती पैदा हुई है, वहीं प्रशासनिक टीमें पूरे मुस्तैदी के साथ यात्रा मार्ग और धाम क्षेत्र को सुचारु बनाने में जुटी हुई हैं।

केदार इलाके में पिछले तीन-चार दिनों से जारी बर्फबारी के कारण धाम क्षेत्र और पैदल मार्ग पर 4 से 5 फीट तक बर्फ जम चुकी है। इसके बावजूद प्रशासन की कार्यशैली पर कोई असर नहीं पड़ा है और कार्य लगातार जारी है। मौसम विभाग की ओर से आगामी दिनों में भी बर्फबारी की संभावना को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी गई है तथा जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त मैनपॉवर और संसाधन तैनात किए जा रहे हैं।
लोनिवि गुप्तकाशी के अधिशासी अभियंता राजविंद सिंह ने बताया कि पूर्व में लिनचोली से केदारनाथ धाम तक लगभग 4 से 5 फीट चौड़ाई में पैदल मार्ग को सुचारु कर लिया गया था। मौसम के अनुकूल होते ही बर्फ हटाने का कार्य फिर से तेज कर दिया गया है। धाम क्षेत्र में हेलीपैड से लेकर रुद्र प्वाइंट और संगम सेतु तक मशीनों और मैनपॉवर की मदद से तेजी से बर्फ हटाई जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विषम परिस्थितियों के बावजूद टीमों का निरंतर प्रयास यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि यात्रा समय पर, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय
