वाराणसी,08 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के व्याकरण विभाग के प्रोफेसर आचार्य ब्रजभूषण ओझा को छत्तीसगढ़ के पाणिनीय शोध संस्थानम् ने ‘पण्डितराज’ की उपाधि देने का निर्णय लिया है। प्रो. ओझा की व्याकरण शास्त्र में विद्वत्ता पर मिल रहे उपाधि की जानकारी पाते ही व्याकरण विभाग में हर्ष का माहौल है।

गुरूवार को बीएचयू के संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के संकाय प्रमुख प्रो. राजाराम शुक्ल, सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा, महात्मा गांधी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. ए.के. त्यागी, प्रो. रामचन्द्र पाण्डेय आदि ने प्रो. ओझा को बधाई दी और उपाधि मिलने पर हर्ष जताया। बीएचयू के जनसम्पर्क कार्यालय के अनुसार आचार्य ब्रजभूषण ओझा को पाणिनीय शोध संस्थानम् की अध्यक्ष व व्याकरण शास्त्र की विदुषी राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित प्रो. पुष्पा दीक्षित की मौजूदगी में एक मई को विलासपुर स्थित लखीराम स्मृति आडीटोरियम में उपाधि मिलेगी।
सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व राज्यमन्त्री अमर अग्रवाल, केन्द्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्री निवास वरखेडी, साहित्यकार प्रो. राधावल्लभ त्रिपाठी भी मौजूद रहेंगे। उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व प्रो. ओझा को राष्ट्रपति पुरस्कार, शास्त्रकलानिधि, श्रेष्ठ पण्डित आदि से सम्मानित किया जा चुका है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी
