कोलकाता, 09 अप्रैल (हि. स.)। आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बलात्कार-हत्या की शिकार महिला चिकित्सक की मां रत्ना देबनाथ ने गुरुवार को उत्तर 24 परगना जिले की पानीहाटी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

नामांकन के दौरान उनके साथ पार्टी की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सहित जिले के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
नामांकन दाखिल करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में देबनाथ ने कहा कि उनका एकमात्र उद्देश्य पश्चिम बंगाल से तृणमूल कांग्रेस की सरकार को हटाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है और आर.जी. कर जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि यदि उन्हें जनता का समर्थन मिला तो वह महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगी और राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए काम करेंगी।
उल्लेखनीय है कि अगस्त 2024 में राज्य संचालित आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के एक बंद सेमिनार कक्ष में उनकी 26 वर्षीय बेटी का शव मिला था। इस घटना ने पूरे राज्य में व्यापक आक्रोश पैदा किया था। घटना के करीब डेढ़ वर्ष बाद देबनाथ ने अपने गृह क्षेत्र पानीहाटी से चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है।
देबनाथ ने कहा कि वह अपनी बेटी के लिए न्याय और राज्य की सभी महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ चुनाव मैदान में उतरी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर
