खूंटी, 09 अप्रैल (हि.स.)। जिला युवा कांग्रेस की कार्यकारिणी बैठक गुरुवार को सांसद कालीचरण मुंडा के आवासीय कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष आमिर हुसैन ने की।

बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को सशक्त बनाना और निष्क्रिय पदाधिकारियों की कार्यशैली की समीक्षा करना था। समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि कुछ नव-निर्वाचित पदाधिकारी लगातार बैठकों से अनुपस्थित रह रहे हैं और संगठनात्मक गतिविधियों में अपेक्षित रुचि नहीं दिखा रहे हैं। इस पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए बैठक में निर्णय लिया गया कि संगठन में सक्रिय, कर्मठ और जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। साथ ही, जो पदाधिकारी लगातार अनुपस्थित रहते हैं और संगठन के कार्यों में सहयोग नहीं कर रहे हैं, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।
बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, अनुशासन और जवाबदेही जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सक्रिय कार्यकर्ता मौजूद थेे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
