खड़गपुर, 09 अप्रैल (हि. स.)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अवैध टिकट दलाली पर रोक लगाने के लिए विशेष एंटी-टाउटिंग अभियान चलाते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गुरुवार शाम रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में इसकी जानकारी दी गई।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बुधवार को विश्वसनीय सूचना के आधार पर आरपीएफ पोस्ट तमलुक ने सीआईबी/खड़गपुर के साथ संयुक्त रूप से अभियान चलाया। इस दौरान सुबह करीब 11:20 बजे दुर्गाचक टाउन रेलवे स्टेशन के सामने एक व्यक्ति को टिकट दलाली (टाउटिंग) गतिविधियों के संदेह में हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान सुजॉय पात्रा (34) पूर्व मेदिनीपुर के दुर्गाचक निवासी के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उसके पास से दो तत्काल टिकट और एक सामान्य आरक्षण-सह-यात्रा टिकट (कुल मूल्य लगभग तीन हजार 10 रुपये), एक भरा हुआ तथा एक खाली आरक्षण प्रपत्र और 450 रुपये नकद बरामद किए गए।
आरपीएफ के अनुसार आरोपित टिकट खरीद-फरोख्त के लिए कोई वैध प्राधिकरण प्रस्तुत नहीं कर सका और पूछताछ में टाउटिंग गतिविधियों में संलिप्तता स्वीकार की। बरामद टिकटों और नकदी को जब्त कर लिया गया।
आरपीएफ पोस्ट तमलुक में आरोपित के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला संख्या 704/26 दिनांक 08 अप्रैल 2026 को दर्ज किया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
