यमुनानगर, 10 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर के सिविल अस्पताल जगाधरी की मोर्चरी में अज्ञात के रूप में रखे गए शव की पहचान आखिरकार हो गई है। मृतक की पहचान बिजनौर निवासी राजेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो क्षेत्र में गन्ना क्रैशर पर ठेकेदारी का कार्य करता था। पुलिस के अनुसार 8 अप्रैल की रात एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल लाया गया था। उसे सड़क दुर्घटना में चोटें आई थीं और उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। उस समय उसकी पहचान नहीं हो पाई थी, जिसके चलते शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया।

मामले में पुलिस ने पहचान स्थापित करने के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के प्रयास किए, लेकिन प्रारंभिक स्तर पर कोई सफलता नहीं मिली। इसी दौरान 9 अप्रैल को एक व्यक्ति ने थाने में शिकायत देकर अपने परिचित के लापता होने की सूचना दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने एक दिन पहले रात के समय एक दुर्घटना देखी थी, जिसमें एक तेज गति से आ रहे दोपहिया वाहन ने गलत दिशा में आकर साइकिल सवार को टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया था, जबकि घायल को राहगीरों द्वारा अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में जब संबंधित व्यक्ति घर नहीं लौटा, तो संदेह होने पर अस्पताल जाकर जांच की गई, जहां शव की पहचान राजेंद्र सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने दोपहिया वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार
