
चतरा, 10 अप्रैल (हि.स.)।

पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल ने गिद्धौर थाना के थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर शिवा यादव, सीसीटीएनएस ऑपरेटर दिलीप कुमार तथा मुंशी महेश कुमार को निलंबित कर दिया है। हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। जिसमें पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठे थे। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच कराई। सिमरिया एसडीपीओ शुभम खंडेलवाल के प्रारंभिक जांच में तीनों पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने के बाद तत्काल प्रभाव से उन्हें सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस विभाग में अनुशासन और कानून का पालन सर्वोपरि है। किसी भी पुलिसकर्मी के जरिए नियमों के विपरीत कार्य किए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप है। गिद्धौर थाना प्रभारी ने निजी वाहन से राजपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपित के साथ मारपीट की थी। वीडियो वायरल होने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी
