भुवनेश्वर, 10 अप्रैल (हि.स.)। भुवनेश्वर में प्रस्तावित मेट्रो रेल परियोजना को रद्द नहीं किया गया है, बल्कि फिलहाल अस्थायी रूप से स्थगित रखा गया है। यह जानकारी आवास एवं शहरी विकास मंत्री कृष्ण चंद्र महापात्र ने शुक्रवार को दी। यह बयान इस मुद्दे पर बढ़ती राजनीतिक बहस के बीच आया है।

यह स्पष्टीकरण भुवनेश्वर की सांसद अपराजिता सारंगी द्वारा लिखे गए पत्र के बाद सामने आया है, जिससे परियोजना की स्थिति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। मंत्री ने कहा कि यह परियोजना अभी भी मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के विचाराधीन है और इस पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
उन्होंने बताया कि भुवनेश्वर मेट्रो कॉर्पोरेशन का कार्यालय अभी भी कार्यरत है, जिससे स्पष्ट है कि परियोजना को बंद नहीं किया गया है। परियोजना की संरचना और क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा जारी है और इस पर विस्तृत विचार-विमर्श हो रहा है ।
मंत्री ने आगे कहा, “हमारी सरकार जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है और कोई भी निर्णय उनके हित में ही लिया जाएगा। पूर्व में प्रस्तावित मेट्रो योजना व्यवहार्य नहीं थी और उसमें कई कमियां थीं। हम एक बाईपास योजना पर भी काम कर रहे हैं और एक समग्र शहरी परिवहन योजना तैयार की जाएगी। उसी के आधार पर आगे कदम उठाए जाएंगे।”
उन्होंने दोहराया कि फिलहाल मेट्रो परियोजना पर अंतर-मंत्रालयी समिति द्वारा सभी पहलुओं की समीक्षा की जा रही है और इसे रद्द नहीं बल्कि अस्थायी रूप से स्थगित रखा गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो
