
पूर्व मेदिनीपुर, 10 अप्रैल (हि. स.)। स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग के निर्देश पर जिले के विभिन्न इलाकों में लगातार नाका चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई में चंडीपुर क्षेत्र से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, नौ अप्रैल रात लगभग 01:30 बजे चंडीपुर थाना क्षेत्र के बरोज बाजार इलाके में केंद्रीय बल, एसएसटी टीम और चंडीपुर थाने की संयुक्त टीम ने नाका चेकिंग के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति के पास से 13 लाख 80 हजार 579 रुपये नकद बरामद किए।
इसी तरह चंडीपुर थाना क्षेत्र के शशिगंज बाजार इलाके में नाका चेकिंग के दौरान एक अन्य व्यक्ति के पास से दो लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद की गई इस बड़ी राशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। नियमानुसार पूरी रकम को ब्लॉक प्रशासन और पुलिस की पहल पर जिला आयकर विभाग के पास जमा करा दिया गया।
पुलिस ने बताया कि इस धनराशि के स्रोत और इसके पीछे किसी विशेष उद्देश्य की संभावना को लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
