बलिया, 10 अप्रैल (हि.स.)। बलिया में एक लाख 14 हजार नए मतदाताओं के जुड़ जाने से अब कुल मतदाताओं की संख्या 21.68 लाख हो गयी है। यह जानकारी शुक्रवार को डीएम एमपी सिंह ने पत्रकारों को दी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची अपडेट कर दी गई है। दावे और आपत्तियों के बाद बलिया में नए वोटर बढ़े हैं।

जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने विशेष पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जनपद की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों की निर्वाचन नामावलियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। एक जनवरी 2026 को आधार मानते हुए अब जनपद में कुल 21,68,819 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इससे पहले 28 अक्टूबर 2025 को विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाताओं की संख्या 25 लाख 10 हजार 596 थी। पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह संख्या घटकर 20,54,620 रह गई थी।
उन्होंने बताया कि छह जनवरी 2026 को पुनः पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू की गई, जिसके तहत छह मार्च 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की गईं। इस दौरान 24,390 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए, जबकि 1,14,199 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए। जिलाधिकारी ने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराई गई है और अंतिम प्रकाशन के बाद अब जनपद की सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर कुल मतदाताओं की संख्या 21,68,819 हो गई है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने नाम निर्वाचन नामावली में अवश्य जांच लें और किसी त्रुटि की स्थिति में सम्बंधित अधिकारियों से सम्पर्क करें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी
