नई दिल्ली, 11 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 12 अप्रैल को कुतुब मीनार और महरौली पुरातात्विक पार्क के आसपास भारी भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक अनुव्रत मार्ग, क्रिसेंट रोड और आसपास की सड़कों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे।

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, इस दौरान कुतुब मीनार और महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क के आसपास बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक को सुचारु बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।
कहां-कहां रहेगी पाबंदी
एडवाइजरी के अनुसार, अनुव्रत मार्ग से फूल मंडी होते हुए कुतुब मीनार की ओर और क्रिसेंट मार्ग से मस्जिद हाजी अली जान की तरफ से कुतुब मीनार जाने वाले मार्ग पर भारी और व्यावसायिक वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा कालकादास मार्ग से भी ऐसे वाहनों को कुतुब मीनार की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।
पार्किंग और वैकल्पिक व्यवस्था
ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि अनुव्रत मार्ग, क्रिसेंट मार्ग और कालकादास मार्ग के आसपास कहीं भी गलत तरीके से वाहन खड़ा करने पर उसे तुरंत हटाकर चालान किया जाएगा। कुतुब मीनार जाने वाले लोगों के लिए कालकादास मार्ग से ही प्रवेश की अनुमति होगी और पार्किंग भी वहीं निर्धारित स्थलों पर करनी होगी। हालांकि, अरविंदो मार्ग, अनुव्रत मार्ग, क्रिसेंट रोड और कालकादास मार्ग सामान्य यातायात के लिए खुले रहेंगे, लेकिन भीड़ को देखते हुए आंशिक असर पड़ सकता है।
लोगों के लिए सलाह
ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे इन मार्गों से बचें और संभव हो तो मेट्रो का इस्तेमाल करें। खासकर आईजीआई एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन या बस अड्डे जाने वाले लोग समय से पहले निकलें ताकि देरी से बचा जा सके।
साथ ही किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है। पुलिस का कहना है कि बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था के लिए लोगों का सहयोग बेहद जरूरी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
