आसनसोल, 12 अप्रैल (हि. स.)। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने एक बार फिर अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध लॉटरी की बड़ी खेप बरामद की है।

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात सलानपुर थाना क्षेत्र के कल्याणेश्वरी नाका प्वाइंट पर एक मिनीबस से झारखंड की मिनीबस मैथन के कालीपहाड़ी इलाके से आसनसोल की ओर आ रही थी, जिसे नाका चेकिंग के दौरान रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से पांच बड़े बंडलों में भरी अवैध लॉटरी टिकटें मिलीं। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, इन टिकटों की कीमत लाखों रुपये में हो सकती है।
सूत्रों के अनुसार, इस लॉटरी को आसनसोल और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में खपाने की तैयारी थी।जांच के दौरान एक संगठित गिरोह के सक्रिय होने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि गुद्दू खान और दीपक तिवारी झारखंड से अवैध लॉटरी की सप्लाई करते थे, जबकि पल्टू सिंह स्थानीय स्तर पर इसके वितरण की जिम्मेदारी संभालता था। यह नेटवर्क जामुड़िया, रानीगंज और दुर्गापुर तक फैला हुआ बताया जा रहा है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। बस चालक और खलासी से पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया, वहीं मौके पर मौजूद पत्रकारों को जब्त लॉटरी की तस्वीर लेने से रोक दिया गया। ड्यूटी पर तैनात अधिकारी के इस रवैये ने पारदर्शिता को लेकर चर्चा को जन्म दे दिया है।
उल्लेखनीय है कि झारखंड और पश्चिम बंगाल की सीमा पर अवैध लॉटरी का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। बेरोजगारी और आसान कमाई के लालच में कई लोग इस तरह के नेटवर्क से जुड़ रहे हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
