जींद, 12 अप्रैल (हि.स.)।

गांव लोहचब के खेताें में रविवार दोपहर बाद अचानक आग लग गई। फायर ब्रिगेड के देरी से पहुंचने से खफा होकर ग्रामीणों ने जींद-सफीदों मार्ग पर जाम लगा दिया। किसानों के जाम लगाने की सूचना पाकर एसडीएम सत्यवान मान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हरसंभव सहायता का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। लगभग पौना घंटे लगे जाम के कारण वाहन चालकों तथा यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गांव लोहचब व आसपास के किसानों का गुस्सा रविवार शाम को उस समय फूट पड़ा, जब गांव लोहचब के खेतों में शार्ट-सर्किट सें आग लग गई। इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही किसान आग पर काबू पा चूके थे। तब तक नौ एकड़ गेहूं फसल जल चुकी थी। घटना से खफा किसान जीद-सफीदों मार्ग पर आ गए और अवरोधक डालकर जाम लगा दिया। किसानों का कहना था कि बिजली निगम की लापरवाही के कारण आग लगी है। जब बिजली लाइन बंद रखने के आदेश हैं तो बिजली को चालू क्यों रखा गया। फायर ब्रिगेड को सूचना दी तो वही भी काफी देरी से पहुंची। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा आग से हुए नुकसान की भरपाई की मांग की। जाम लगने की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन किसान नही माने। आखिरकार एसडीएम सत्यवान मान मौके पर पहुंचे और हरसंभव सहायता तथा कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
एसडीएम सत्यवान मान मैं बताया कि लोहचब गांव के पास सात-आठ एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई थी। किसानों ने जाम लगा दिया था। वह मौके पर पहुंचे थे और किसानों को नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया गया है। कानूनगो व पटवारी को इस मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा
