नई दिल्ली, 12 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छतरपुर में आत्मनिर्भर नारी सम्मेलन सम्मिलित होकर नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर अपने विचार साझा किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के दशकों बाद यह वह ऐतिहासिक क्षण है, जब देश ने नारी शक्ति को केवल सम्मान देने की बात नहीं की, बल्कि उसे निर्णय और नेतृत्व के केंद्र में स्थान देने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को केवल प्रतिनिधित्व नहीं, बल्कि नीति निर्माण से लेकर राष्ट्र निर्माण तक निर्णायक भूमिका देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की करोड़ों माताओं और बहनों के सम्मान, अधिकार और आत्मविश्वास का सशक्त उद्घोष है। यह केवल एक कानून नहीं, बल्कि “नारी तू नारायणी” के भाव को साकार करने का राष्ट्रीय संकल्प है। उन्होंने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए देश की हर महिला की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, विधायक करतार सिंह तंवर, जिलाध्यक्ष रविंद्र सोलंकी, एकल हरि संस्था की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मधु गुप्ता, फोर्टिस वसंत कुंज की निदेशक डॉ. प्रियंका खरबंदा, प्रसिद्ध लेखिका सुरभि सहित सम्मानित अतिथियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव
