भोपाल, 13 अप्रैल (हि.स.) । आंधी और बारिश का दौर खत्म होते ही मध्य प्रदेश में गर्मी ने तेजी से अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। बीते रविवार को प्रदेश के 5 शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा तापमान रतलाम में 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ेगी। 16 अप्रैल से प्रदेश में हीट वेव यानी लू चलने की संभावना है। खासतौर पर मालवा-निमाड़ क्षेत्र, जिसमें इंदौर और उज्जैन संभाग शामिल हैं, सबसे ज्यादा गर्म रहने वाले हैं। रविवार को भी इन इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी देखी गई।
अन्य शहरों की बात करें तो खजुराहो में 40.4 डिग्री, धार, मंडला और नर्मदापुरम में 40.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। दमोह, रीवा और टीकमगढ़ में 39.5 डिग्री, जबकि खरगोन में 39.2 डिग्री रहा। रायसेन, छिंदवाड़ा, उमरिया, सतना और मलाजखंड में तापमान 39 डिग्री के आसपास रहा। इसके अलावा बैतूल और सागर में 38.8 डिग्री, गुना और शाजापुर में 38.4 डिग्री, नौगांव में 38.2 डिग्री, खंडवा में 38.1 डिग्री तथा सिवनी और सीधी में 38 डिग्री दर्ज किया गया।
प्रदेश के बड़े शहरों में इंदौर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 39.2 डिग्री पहुंचा। भोपाल में 38.6 डिग्री, उज्जैन में 38.5 डिग्री, जबलपुर में 38.7 डिग्री और ग्वालियर में 36.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि 15 अप्रैल से एक नया वेदर सिस्टम सक्रिय होगा, लेकिन इसका असर कमजोर रहेगा। ऐसे में प्रदेश में गर्मी का दौर जारी रहेगा और तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 16 अप्रैल से धार, खरगोन, खंडवा, सीधी और सिंगरौली जैसे जिलों में लू चल सकती है। आमतौर पर अप्रैल और मई को प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्मी वाले महीने माना जाता है और अप्रैल के दूसरे पखवाड़े से तापमान में तेजी से इजाफा होता है।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत
