आक्रोशित भीड़ ने नवाबगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर लगाया जाम

फर्रुखाबाद , 13 अप्रैल( हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद में साेमवार काे थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव हईपुर निवासी रिंकू की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई जबकि उनका 12 वर्षीय पुत्र शिवदीप घायल हो गया। घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने सड़क पर जाम लगाकर हंगामा किया।
सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे रिंकू अपने पुत्र शिवदीप के साथ बाइक से खेत से घर लौट रहे थे। गांव वेग के पास पेट्रोल पंप के सामने पहुंचते ही फर्रुखाबाद की ओर से तेज रफ्तार से आ रही कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिर पड़े और रिंकू कार में फंस दूर तक सड़क पर घिसटते चले गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अनियंत्रित कार पेट्रोल पंप की दीवार तोड़ते हुए सड़क किनारे खेत में जा घुसी।
हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई और ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया लेकिन आक्रोशित परिजनों ने शव को नीचे उतारकर नवाबगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस के समझाने के बावजूद लोग उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान कुछ महिलाओं की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। जिला पंचायत सदस्य यशवीर सिंह आर्य भी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। करीब एक घंटे बाद उपजिलाधिकारी सदर रजनीकांत और सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा मौके पर पहुंचे और परिजनों से वार्ता की।
मौके पर मऊदरवाजा थानाध्यक्ष अजब सिंह, मोहम्मदाबाद प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला, जहानगंज प्रभारी निरीक्षक पूनम अवस्थी समेत कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही। अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खुल सका और यातायात बहाल हुआ।
घटना के बाद मृतक के पिता हरिदास, पत्नी विनीता देवी, पुत्री वर्षा, पुत्र शिवदीप व कृष्णा सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शाम करीब सवा पांच बजे मृतक के पिता हरिदास ने एटा जनपद के थाना अलीगंज क्षेत्र निवासी कार चालक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि कार चालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar
