
कोलकाता, 14 अप्रैल (हि. स.)। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अब तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और उनकी पत्नी रुजिरा बनर्जी की गाड़ी की तलाशी लेने का निर्देश चुनाव आयोग ने दिया है। तृणमूल कांग्रेस ने एक व्हाट्सऐप संदेश का स्क्रीनशॉट साझा कर यह आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि हार तय देखकर भाजपा प्रतिशोध की राजनीति कर रही है।

इसी महीने राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में फिलहाल राज्य की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी चुनाव आयोग के कंधों पर है। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए आयोग पहले ही पुलिस-प्रशासन में कई बदलाव कर चुका है, जिसको लेकर विवाद भी पैदा हुआ है।
इसी बीच आयोग के एक व्हाट्सऐप संदेश का स्क्रीनशॉट सामने आया है। चैट में दावा किया गया है कि स्वास्थ्य शिविर के नाम पर पैसे की हेराफेरी की जा रही है। इसी कारण तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी को छोड़कर पार्टी के अन्य सभी नेताओं और मंत्रियों की गाड़ियों की तलाशी लेने का निर्देश दिया गया है।
संदेश में खास तौर पर अभिषेक बनर्जी और रुजिरा बनर्जी का नाम भी उल्लेखित है। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि किसी भी स्थिति में इन दोनों की गाड़ी जांच से बाहर न रह जाए। इसी व्हाट्सऐप संदेश के स्क्रीनशॉट को सामने रखकर तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर निशाना साधा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
