मुंबई, 13 अप्रैल (हि.स.)। नासिक के पाखंडी बाबा अशोक खरात मामले में सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया ने नया खुलासा करके हलचल मचा दी है। अब इस मामले में पुलिस अधिकारियों के नाम भी उछलने लगे हैं। दमानिया ने नासिक विभाग के पुलिस महानिरीक्षक दत्ता कराले का खरात से संबंध होने का दावा किया है।

दमानिया ने एक वीडियो और कुछ तस्वीरें साझा की हैं, जिसमें खरात के कार्यक्रम में कराले शामिल होकर भाषण देते हुए नजर आ रहे हैं। दमानिया ने सवाल उठाया है कि आईजी रैंक के अधिकारियों का ऐसे विवादित लोगों के कार्यक्रम में शामिल होना कितना सही है?
दमानिया ने कहा कि ऐसी मौजूदगी से आम लोगों में उस व्यक्ति के प्रति भरोसा बनने की संभावना बढ़ जाती है। इसलिए, इस मामले की निष्पक्ष जांच ज़रूरी है। दमानिया ने दावा किया कि खरात से जुड़े कराले के 18 कॉल रिकॉर्ड सामने आए हैं। उन्होंने राज्य के पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते से इस मामले की पूरी जांच करने की मांग की है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार
