आसनसोल, 14 अप्रैल (हि. स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार शाम 4:30 बजे “मेरा बूथ सबसे मजबूत” कार्यक्रम के तहत पश्चिम बंगाल के लाखों भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ‘नमो ऐप’ के माध्यम से सीधा संवाद किया। लगभग एक घंटे तक चले इस संबोधन में उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती और चुनावी रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।

इसी क्रम में आसनसोल लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के सीतारामपुर स्थित गांधी नगर (बूथ संख्या 23) में “आमार बूथ, सबसे शक्तिशाली” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग एकत्र हुए और नमो ऐप के जरिए प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।
कार्यक्रम में मौजूद आसनसोल जिला मीडिया प्रभारी एवं मंडल सह-संयोजक टिंकू वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं के लिए ऊर्जा का स्रोत है और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना ही पार्टी का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की कुंजी है।
इस अवसर पर शक्ति केंद्र प्रमुख सुदीप (बाबुन) सहित क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति और अभिभावक भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने प्रधानमंत्री के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
