देहरादून, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड में गर्मी ने अब रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे मैदानी इलाकों में गर्मी का असर और तेज होगा।

बुधवार को मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा और किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। साफ आसमान और तेज धूप के चलते दिन के समय तापमान में लगातार इजाफा दर्ज किया जा रहा है।
देहरादून में बुधवार सुबह तेज धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई और आसमान पूरी तरह साफ रहा। धूप की तीव्रता बढ़ने से गर्मी का एहसास अधिक हो रहा है। अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जो आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है।
मौसम विभाग ने फिलहाल बारिश की संभावना से इनकार किया है, जिससे गर्मी का प्रभाव लगातार बना रह सकता है। ऐसे में लोगों को बढ़ती गर्मी के लिए तैयार रहने की जरूरत है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और धूप से बचाव के उपाय अपनाएं, ताकि बढ़ते तापमान का असर कम किया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय
