बरेली, 15 अप्रैल (हि.स.) । छावनी परिषद बरेली की सामान्य बोर्ड बैठक बुधवार को नेहरू सभागार में आयोजित हुई, जिसमें विकास, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगी। बैठक की अध्यक्षता ब्रिगेडियर गगनदीप सिंह, वाई.एस.एम. ने की। इस दौरान सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, मुख्य अधिशासी अधिकारी डॉ. तनु जैन (भा.र.सं.से.) और नामित सदस्य डॉ. वैभव जायसवाल मौजूद रहे।

बैठक में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए 20 टन प्रतिदिन क्षमता के वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट की स्थापना पर सहमति बनी। इसके अलावा स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के तहत दीवार चित्रण और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट को मजबूत करने के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इन योजनाओं से छावनी क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
आधारभूत ढांचे के विकास को लेकर भी कई अहम निर्णय लिए गए। नालों की मरम्मत, सड़कों के सुधार, पेंटिंग कार्य और विभिन्न ई-टेंडर प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। बी.आई. बाजार में मल्टी-लेवल पार्किंग निर्माण, जर्जर सुलभ कॉम्प्लेक्सों के ध्वस्तीकरण और स्थल समतलीकरण के कार्यों को प्राथमिकता दी गई। साथ ही हरित क्षेत्र विकास से जुड़े प्रस्तावों पर भी सकारात्मक रुख अपनाया गया।
जनहित के मुद्दों पर भी बोर्ड ने गंभीरता दिखाई। छावनी अस्पताल और विद्यालयों के लिए एसी, फर्नीचर और अन्य आवश्यक उपकरणों की खरीद को मंजूरी दी गई। अस्पताल प्रशासन को बेहतर बनाने के लिए अस्पताल प्रशासक की नियुक्ति का प्रस्ताव भी पारित हुआ। कर्मचारियों को एसीपी योजना के तहत लाभ देने पर भी सहमति बनी।
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए वर्षा जल संचयन के लिए तालाब निर्माण, कार्बन सीक्वेस्ट्रेशन अध्ययन और प्लास्टिक अपशिष्ट से पावर ब्लॉक बनाने की इकाई स्थापित करने जैसे प्रस्तावों पर विचार किया गया। साथ ही पीएनजी नेटवर्क को बढ़ावा देने की दिशा में भी कदम उठाने पर चर्चा हुई।
इसके अलावा स्मार्ट स्वच्छता मॉनिटरिंग सिस्टम, सूचना चैटबॉट और व्हाट्सएप बॉट जैसी डिजिटल पहल लागू करने की योजना बनाई गई, जिससे नागरिकों को बेहतर और त्वरित सेवाएं मिल सकें। बैठक में लिए गए सभी निर्णयों को छावनी क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
