पलामू, 16 अप्रैल (हि.स.)। समाज के प्रति जिम्मेदारी और विकास के प्रति समर्पण का एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश करते हुए हुसैनाबाद के पूर्व विधायक दशरथ कुमार सिंह ने नगर पंचायत हुसैनाबाद को 10 वर्षों का अग्रिम होल्डिंग टैक्स जमा कर एक नई मिसाल कायम की है। उनके इस सराहनीय कदम से नगर पंचायत को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में बड़ी मदद मिलेगी।

नगर पंचायत हुसैनाबाद के अध्यक्ष अजय भारती ने इस अद्वितीय पहल के लिए पूर्व विधायक सिंह को सम्मानित किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष ने कहा कि दशरथ कुमार सिंह ने अपने इस कदम से न केवल जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दिया है, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी एक प्रेरणा का स्रोत बने हैं।
उन्होंने आगे कहा कि यदि नगर क्षेत्र के अन्य नागरिक भी इस प्रकार आगे आकर अपने कर (टैक्स) दायित्वों का समय पर या अग्रिम भुगतान करें, तो नगर पंचायत को विकास कार्यों को गति देने में काफी सहूलियत होगी। इससे साफ-सफाई, पेयजल, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार
