देवघर, 17 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव में देवघर निवासी युवा अधिवक्ता ललित यादव ने शानदार जीत दर्ज कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। उन्होंने निर्धारित कोटा के वोट हासिल कर चुनाव में दूसरी सबसे बड़ी जीत प्राप्त की। इस चुनाव में सबसे पहले झारखंड हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अब्दुल कलाम रसीदी ने जीत का कोटा पूरा किया, जबकि पहली बार चुनावी मैदान में उतरे 36 वर्षीय अधिवक्ता ललित यादव ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दूसरी बड़ी जीत हासिल की।

ललित यादव मूल रूप से देवघर के निवासी हैं और झारखंड उच्च न्यायालय में प्रैक्टिस करते हैं। जीत के बाद ललित यादव ने राज्य भर के अधिवक्ता साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पहली बार चुनाव लड़ने के बावजूद उन्हें लगभग सभी क्षेत्रों से भरपूर समर्थन मिला। संथाल परगना, पलामू, कोडरमा, चाईबासा से लेकर कोल्हान तक अधिवक्ताओं ने उन्हें प्रथम वरीयता का वोट दिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अधिवक्ता समाज ने जो विश्वास जताया है, उस पर वे खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे। चुनाव प्रक्रिया के अनुसार जीत के लिए 677 वोट का कोटा निर्धारित किया गया था।
जो उम्मीदवार इस कोटा को हासिल कर लेते हैं, वे स्वतः निर्वाचित घोषित हो जाते हैं। कोटा पूरा नहीं होने की स्थिति में अंतिम दिन शीर्ष 16 उम्मीदवारों का चयन किया जाता है। इस चुनाव में कुल 23 सदस्यों के लिए मतदान हुआ, जिसमें 18 पुरुष और 5 महिला अधिवक्ताओं का चयन होना है। अब तक दो पुरुष अधिवक्ता—अब्दुल कलाम रसीदी और ललित यादव—जीत दर्ज कर चुके हैं। वहीं महिला वर्ग में 5 प्रत्याशियों को निर्वाचित घोषित किया गया है, जबकि शेष 2 सीटों पर मनोनयन किया जाएगा।
पूरे राज्य में कुल 25,001 अधिवक्ता मतदाता हैं और 12 मार्च को राज्य के 37 बार एसोसिएशनों में एक साथ मतदान कराया गया। इस चुनाव में कुल 100 प्रत्याशी मैदान में थे, जिनमें 75 पुरुष और 25 महिला अधिवक्ता शामिल थीं। महिला वर्ग में कोई भी उम्मीदवार निर्धारित कोटा तक नहीं पहुंच सका, जिसके कारण अंतिम रूप से बची 5 महिला प्रत्याशियों को निर्वाचित घोषित किया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy
