
नगालैंड की जनता ने भाजपा, मुख्यमंत्री रियो और उपमुख्यमंत्री वाई पाटन को ‘दिल से’ स्वीकार किया: नलिन कोहली
डिमापुर (नगालैंड), 23 फरवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी 24 फरवरी को एक दिवसीय दौरे पर डिमापुर आ रहे हैं। इस दिन प्रधानमंत्री राष्ट्रीय जनतांत्रिक प्रगतिशील पार्टी (एनडीपीपी) और भाजपा द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। राज्य के मुख्यमंत्री एनडीपीपी-प्रमुख नेफ्यू रियो, असम के मुख्यमंत्री और नेडा के संयोजक डॉ. हिमंत बिस्व सरमा जनसभा को संबोधित करेंगे।
भाजपा के केंद्रीय प्रवक्ता और नगालैंड में पार्टी प्रभारी नेता नलिन कोहली ने गुरुवार को आधिकारिक रूप से इसकी जानकारी साझा की है। उन्होंने कहा कि 22 फरवरी से वह नगालैंड के कई इलाकों में भाजपा उम्मीदवारों के लिए प्रचार कर रहे हैं।
एक सवाल के जवाब में कोहली ने कहा कि जब भाजपा सत्ता में आई तो पार्टी की सरकार ने सबसे आगे बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने पर ध्यान दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा के विजन डॉक्यूमेंट में राष्ट्रीय राजमार्गों के लिए 10,000 करोड़ रुपये और राज्य की सड़कों के लिए और फंड देने का वादा किया गया है।
नलिन कोहली ने कहा कि भाजपा और एनडीपीपी दोनों ने आगामी राज्य चुनावों में अपना गठबंधन जारी रखने का फैसला किया है। सीटों के बंटवारे के समझौते के तहत भाजपा 20 और शेष 40 विधानसभा सीटों पर एनडीपीपी चुनाव लड़ रही है। उन्होंने दावा किया कि नगालैंड के लोगों ने भाजपा, मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो और उपमुख्यमंत्री वाई पाटन को ‘दिल से’ स्वीकार किया है। भाजपा के अखिल भारतीय नेता कोहली ने जोर देकर दावा किया कि इस चुनाव के बाद नगालैंड में उनकी संयुक्त गठबंधन की सरकार बनेगी।