
ऊना, 23 फरवरी (हि.स.)। विजिलेंस थाना ऊना की टीम ने केसीसी बैंक के कर्मचारियों की मिलीभगत से फर्जी लोन बनाकर करीब तीन करोड रुपए का गबन करने वाले आरोपी को मुंबई से दबोचा है। विजिलेंस ने उक्त कार्रवाई को मुंबई पुलिस की सहायता से अंजाम दिया है। विजिलेंस ने आरोपी दिनेश डैविट निवासी शैलजा बिहार ऊना को मुंबई की स्थानीय अदालत में पेश कर चार दिन के ट्रांजिट रिमांड पर लिया है। अब आरोपी को 24 फरवरी को ऊना अदालत में पेश कर हिरासत में लिया जाएगा।
विजिलेंस एएसपी ऊना धर्म चंद वर्मा ने बताया कि आरोपी दिनेश डेविड ने केसीसी बैंक के कर्मचारियों की मिलीभगत से फर्जी लोन बनाकर करीब तीन करोड़ रुपए गबन करने के आरोप थे। आरोपी के खिलाफ ऊना थाना में मामले भी दर्ज है। यह लंबे समय से फरार चल रहा था। निरीक्षक हरीश गुलेरियां के नेतृत्व में मुख्य आरक्षी सुभाष चंद, आरक्षी मनोज कुमार पर आधारित विजिलेंस थाना की टीम पिछले एक सप्ताह से मुंबई गई थी।
इस दौरान टीम ने आरोपी के कई ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान विजिलेंस ने मुंबई पुलिस के सहयोग से इसे दबोच लिया। आरोपी को मुंबई की स्थानीय अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया है। अब 24 फरवरी को इसे ऊना की अदालत में पेश कर हिरासत में लिया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी।