
रोहतास नगर पंचायत में रूद्र महायज्ञ शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा में वृंदावन धाम से पहुंची कथावाचक मानस पुत्री साध्वी पुष्पांजलि ने शिव महापुराण के महत्व को दर्शाते हुए बताया कि भगवान भूत भावन शिव देवाधिदेव महादेव कहे जाते हैं, सभी देवी देवता एवं मनुष्य भगवान शिव को पूज कर जीवन में मोक्ष की प्राप्ति पाते हैं। एक महादेव ही ऐसे हैं जो सभी के अंदर के विकारों को नष्ट करते हैं। शिव महापुराण कथा श्रवण मात्र से ही मनुष्य के मन वचन कर्म सभी शुद्ध हो जाते है। प्रसन्न चित्त होकर जो सभी चिंताओं को छोड़कर शिव महापुराण कथा पंडाल में श्रद्धालु सुनने पहुंचते हैं और इस महापुराण कथा का रसपान करते हैं उनकी आत्मा तक पवित्र हो जाती है। जो जैसी कामना करते हैं भगवान भोलेनाथ उसे अवश्य ही पूर्ण करते हैं। अगर किसी मनुष्य को अति क्रोध आता हो तो वह उस अवस्था में तीन बार शिव शिव शिव का उच्चारण करें तो क्रोध उसी क्षण शांत हो जाता है। दुराचारी पापी कामी मनुष्य महापुराण कथा का श्रवण करके अपने लिए मुक्ति का मार्ग प्रशस्त कर लेता है। उन्होंने यह भी कहा कि जब मैं यहां पहुंची तो यहां के लोगों के भाव भक्ति को देखकर मन आनंदित हो गया, वैसे तो बिहार में यज्ञशाला बहुत ही सुंदर बनाई जाती है यहां की महिलाओं के मंगल गीत और श्रद्धालुओं की जो भक्ति देखने को मिली ऐसा लगा पूरे नगर में उत्सव का माहौल बना हुआ है। शिव के भक्ति में ही शक्ति होती है।मौके पर विनोद सिंह, कमलेश शर्मा, सुभाष सिंह, मृत्युंजय सिंह, दीपु कुमार कश्यप शंभू प्रसाद, संजीव कुमार सिंह, नेहा कुमारी, शुकुल सिंह आदि थे।