


– उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारी के अंतर्गत हुआ प्रथम लोकार्पण, मुख्यमंत्री ने किया हेलीपैड विश्राम गृह का लोकार्पण

उज्जैन, 19 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन सिंहस्थ 2028 में दुनिया हमारे सनातन के वैभव को देखेगी। हमारा प्रयास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व स्तरीय इस आयोजन में सभी श्रद्धालुओं को सभी सुविधाएँ मिले और पूर्ण सनातन वैभव के साथ सिंहस्थ महापर्व 2028 का सांस्कृतिक, धार्मिक आयोजन होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को परशुराम जयंती, अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर उज्जैन में सिंहस्थ 2028 के पहले कार्य के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उज्जैन शहर में कई विकास कार्य चल रहे हैं, जिनसे शहर की नई छवि उभरेगी और यह समृद्धि का प्रतीक बनेगा। उन्होंने ईश्वर से कामना की कि यहां के हर घर में सुख, शांति और वैभव बना रहे।
इस अवसर पर उन्होंने एक करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित हेलीपैड विश्राम गृह का फीता काटकर लोकार्पण किया। इस विश्राम गृह में ऑफिस कक्ष, आमजन से भेंट के लिए हॉल और पायलट के लिए भी कक्ष बनाए गए हैं। यह हेलीपैड उज्जैन सिंहस्थ 2028 में अतिथियों और जनप्रतिनिधियों के साथ आम जन को विशिष्ट अतिथियों के आगमन पर भेंट करने के लिए बनाया गया है।
उल्लेखनीय है कि हेलीपैड पर नवनिर्मित विश्रामगृह के लिए नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव द्वारा योजना क्रियान्वयन के लिए निगम मद से 85.00 लाख रुपये की स्वीकृत दी गई, जिससे उक्त भवन का निर्माण करवाया गया एवं आवागमन के लिए रास्ते तथा बाहृय सौंदर्यीकरण के लिए 35.00 लाख रुपये की राशि नगर निगम द्वारा स्वीकृत की गई। कुल राशि 1.20 करोड़ लाख रुपये की लागत से भवन तथा बाह्य विकास सौदर्यीकरण का कार्य किया गया है।
उक्त हेलीपेड एवं विश्राम गृह का निर्माण हो जाने से मुख्यमंत्री के उज्जैन आगमन पर अतिथि सत्कार के लिए आने वाले बहुविशिष्ट आगन्तुकों को एक वातानुकूलित परिसर मय बैठक व्यवस्था उपलब्ध होगी। साथ ही वरिष्ठ जनप्रतिनिधि तथा शासन, प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की समीक्षा बैठक आदि का आयोजन भी हो सकेगा।
सिंहस्थ 2028 को हरित एवं स्वच्छ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को उज्जैन प्रवास के दौरान सिंहस्थ 2028 महापर्व को हरित एवं स्वच्छ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नगर निगम को 2.25 करोड़ रुपये की लागत की इलेक्ट्रिक व्हील लोडर मशीन की चाबी प्रदान की।
दरअसल, सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में करोड़ों श्रद्धालुओं का आगमन होता है, जिससे स्वच्छता एवं प्रदूषण नियंत्रण एक बड़ी चुनौती बन जाती है। इस चुनौती से निपटने के लिए आधुनिक एवं पर्यावरण-अनुकूल तकनीकों को अपनाया जा रहा है। इसी क्रम में लियूगोंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (LiuGong India Pvt. Ltd.) द्वारा अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के अंतर्गत उज्जैन नगर निगम को लगभग 2.25 करोड़ रुपये मूल्य की 820 टीई इलेक्ट्रिक व्हील लोडर मशीन (3 इकाइयाँ) स्वीपिंग अटैचमेंट सहित प्रदान की गई है। ये मशीनें पूरी तरह बैटरी संचालित हैं और शून्य उत्सर्जन के साथ कार्य करती हैं।
इस अवसर पर विधायक अनिल जैन कालूहेडा, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, एमआईसी सदस्य शिवेन्द्र तिवारी, कंपनी के वरिष्ठ प्रतिनिधि-निश्चल मेहरोत्रा (सीनियर वाइस प्रेसिडेंट), परेश अग्रवाल (जनरल मैनेजर, फाइनेंस एंड अकाउंट्स), अभिषेक वोहरा (एचआर हेड) तथा कंपनी के डीलर रमीज़ काज़ी उपस्थित थे।
पर्यावरण की रक्षा के लिए उपयोगी सिद्ध होगी मशीन
820 टीई इलेक्ट्रिक व्हील लोडर पारंपरिक डीज़ल मशीनों की तुलना में कम शोर करता है, संचालन लागत को घटाता है और पर्यावरण को प्रदूषित नहीं करता। इसमें लगे स्वीपिंग अटैचमेंट के माध्यम से सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों की प्रभावी सफाई की जा सकेगी, जो सिंहस्थ जैसे विशाल आयोजन के दौरान अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। यह पहल न केवल उज्जैन को “ग्रीन एवं क्लीन सिटी” के रूप में स्थापित करने में सहायक होगी, बल्कि पूरे देश के लिए एक आदर्श भी प्रस्तुत करेगी।
मुख्यमंत्री ने जैन संत जिनेन्द्र महाराज से लिया आशीर्वाद
इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन प्रवास के दौरान चिमनगंज कृषि उपज मंडी पहुंचकर जैन संत जिनेन्द्र महाराज से भेंट कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर जैन समाज ने मुख्यमंत्री का स्वागत-अभिननंदन भी किया। संत जिनेन्द्र महाराज धर्मदास गण के वर्तमान प्रवर्तक है। डूंगर, मालवा, राजस्थान इनका विचरण क्षेत्र रहता है। स्थानक वासी परंपरा के निष्ट संत हैं। अभी वर्तमान में अक्षय तृतीया महोत्सव के उपलक्ष्य में संत महाराज का प्रवास के दौरान कृषि उपज मंडी चिमनगंज में वर्षीतप पारणा महोत्सव पर आयोजित किया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
