सुपौल, 19 अप्रैल (हि.स.)। सुपौल प्रखंड के अमहा पंचायत अंतर्गत लतराहा गांव में रविवार सुबह पेड़ से लटका एक अर्धनग्न शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना वार्ड संख्या 13 के बहियार क्षेत्र की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह एक ग्रामीण खेत की ओर जा रहा था, तभी उसकी नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी। यह दृश्य देखते ही वह घबरा गया और शोर मचाने लगा। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे और देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की खबर पूरे इलाके में तेजी से फैल गई, जिससे दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव एक पेड़ से गमछी के सहारे लटका हुआ था और मृतक अर्धनग्न अवस्था में था। उसकी उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव की स्थिति को देखकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोग इसे आत्महत्या बता रहे हैं, जबकि कई लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं।
सूचना मिलने पर लौकहा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। प्रभारी थानाध्यक्ष लालू यादव ने बताया कि मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के कूचबिहार निवासी योगेश बर्मन के रूप में हुई है। वह मधेपुरा जिले के फुलकाहा स्थित एक ईंट भट्टा में मजदूरी करता था।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, इसलिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी शिवेंद्र अनुभवी और सर्किल इंस्पेक्टर संजय कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतक के अंतिम समय की गतिविधियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले का जल्द खुलासा करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र
