मालदा, 20 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के प्रचार में भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। मालदा जिले के चांचल विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी रतन दास के समर्थन में भाजपा सांसद और भोजपुरी सुपरस्टार मनोज तिवारी ने भव्य रोड शो किया।

तुलसीहाटा बस स्टैंड से शुरू हुए इस रोड शो में मनोज तिवारी ने भाजपा प्रत्याशी रतन दास के साथ हुड खुली गाड़ी में सवार होकर जनता का अभिवादन किया। ढाक-ढोल के साथ निकाली गई इस भव्य शोभायात्रा में भारी संख्या में समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। सड़क के दोनों किनारों पर लोगों की बड़ी संख्या में मौजूदगी देखने को मिली। पूरे माहौल में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया। यह रोड शो मस्तान रोड इलाके में जाकर समाप्त हुआ।
तिवारी ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि पश्चिम बंगाल की जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है और भाजपा 200 से अधिक सीटें जीतकर सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि चांचल विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी रतन दास की जीत तय है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
