नए इंटरलॉकिंग सिस्टम में नवनिर्मित तीसरी लाइन पर भी रेल परिचालन की सुविधा

क्षेत्र के एनपीजीसीएल पावर प्लांट यार्ड के साथ अब दोहरी लाइन वाली कनेक्टिविटी

डिजिटल टीम, पटना. पूर्व मध्य रेल के पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल (डीडीयू मंडल) में रेल अवसंरचना विकास एवं उन्नयन करते हुए रेल परिचालन क्षमता में वृद्धि हेतु निरंतर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में सुचारू रेल परिचालन के साथ रेल परिचालन क्षमता में वृद्धि हेतु मंडल के अंतर्गत सोननगर-गढ़वा रोड रेलखंड में स्थित बड़की सलैया स्टेशन पर नया आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम की स्थापना संबंधी विभिन्न अवसंरचना उन्नयन कार्य सफलतापूर्वक संपन्न करने के उपरांत 02.03.2023, गुरुवार की रात में नए सिस्टम के साथ परिचालन कार्य की शुरुआत की गई। बड़की सलैया स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग करते हुए 161 रुट की क्षमता वाले नए इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम की स्थापना की गई है। नया इंटरलॉकिंग सिस्टम अत्याधुनिक सिग्नलिंग उपकरणों व सुविधाओं से युक्त है। इसके साथ ही क्षेत्र के पावर प्लांट के साथ अब दोहरी लाइन वाली कनेक्टिविटी हो गई है। इससे पावर प्लांट तक कोयला रेक के आवागमन में तेजी आएगी।
रेल परिचालन क्षमता में वृद्धि हेतु सोन नगर – पतरातू तीसरी लाइन परियोजना अति महत्वपूर्ण है। इस परियोजना का हिस्सा नवनिर्मित अंकोरहा-बड़की सलैया- नबीनगर तीसरी लाइन भी रेल परिचालन हेतु बड़की सलैया स्टेशन पर नवस्थापित इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम में सम्मिलित हो गई है। विदित हो कि नबीनगर स्टेशन तथा अंकोरहा स्टेशन पर नए इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम लगाने का यह कार्य 27 फरवरी 2023 को ही संपन्न किया जा चुका है। इन स्टेशनों पर नवस्थापित इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम समग्र रूप में डीडीयू मंडल में रेल परिचालन क्षमता में वृद्धि में सहायक होंगे। विशेषकर इस क्षेत्र के पावर प्लांटों तक कोयला लदी मालगाड़ियों के त्वरित आवागमन में सुविधा होने के साथ बीडी सेक्शन में रेल परिचालन तेज एवं सुगम होगा।
