नासरीगंज (रोहतास) प्रखंड परिसर स्थित बीडीओ कार्यालय में बीडीओ जफर इमाम ने आवास योजना को ले पर्यवेक्षकों और आवास सहायकों के साथ विशेष बैठक किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी आवास सहायक व पर्वेक्षकों को निर्देश दिया कि राशि प्राप्त होने के बावजूद जिन लाभुकों ने आवास का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं कराया है। उन्हें चिन्हित करते हुए अपनी निगरानी में किसी भी हालत में एक सप्ताह के अंदर निर्माण कार्य पूरा करायें अन्यथा निर्माण कार्य नहीं पूरा करवाने वाले लाभुकों के विरुद्ध स्थानीय थाने में प्राथमिकी कर कारवाई करें। उन्होंने सभी आवास सहायकों एवं पर्यवेक्षकों को भी उक्त कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बरतने पर कारवाई के लिए तैयार रहने को कहा। बीडीओ ने बताया कि विभिन्न पंचायतों में प्रधानमंत्री मंत्री आवास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2016-17 से 2019-20 तक के बाईस और 2021-22 के 71 लाभार्थियों को आवास निर्माण हेतु राशि उपलब्ध की जा चुकी है। वहीं इंदिरा आवास योजना के अंतर्गत 92 लाभार्थियों को राशि उपलब्ध कराई गई है। लेकिन इनमें से अधिकांश आवास अर्धनिर्मित हैं जबकि कुछ आवास का निर्माण कार्य शुरू भी नहीं किया गया है। बीडीओ ने बताया कि कई बार इन लाभार्थियों को नोटिस जारी कर निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया गया। लेकिन इनके द्वारा लगातार लापरवाही बरती जा रही है। सभी पर निश्चित रूप से कारवाई होगी। जिसकी प्रकिर्या शुरू करने का कठोर निर्देश बीडीओ ने सभी आवास सहायकों एवं पर्वेक्षकों को दिया। मौके पर सभी पंचायतों के आवास सहायक व पर्वेक्षक उपस्थित थे।

