गुमला, 21 अप्रैल (हि.स.)। जिला के बिशुनपुर थाना क्षेत्रांतर्गत सेरका सियारटोली गांव में मंगलवार की सुबह पुनम नामक एक युवती ने पेड़ पर दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पूनम की शादी 29 अप्रैल को परसा बस्ती (गुमला) निवासी देवेंद्र खेरवार से होने वाली थी। 26 अप्रैल को लगन पान और 28 अप्रैल को मड़वा के रस्म को लेकर घर में खुशी का माहौल था। लेकिन मंगलवार की सुबह पूनम ने अपने घर के आंगन में लगे कटहल पेड़ पर दुपट्टा के सहारे फंदा से लटक कर खुदकुशी कर ली। इस घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला बताया जा रहा है। पूनम अक्सर अपने प्रेमी से फोन पर बातचीत किया करती थी।

मामले में बताया गया कि सोमवार की सुबह पुनम ने गुमला में अपने परिचितों को शादी का निमंत्रण कार्ड भी दिया था। उसी रात प्रेमी ने उससे फोन पर बात की थी। इसके बाद वह तनाव में आ गयी। दुसरे दिन उसने अपने जीवन का अंत कर लिया। परिजन प्रीतम ने पुलिस को बताया कि पुनम किसी अन्य लड़के से फोन में बात करती थी। घटना से पहले भी बात हुई थी। मृतका की भाभी और सेरका पंचायत की मुखिया जयमंती कुमारी ने बिशुनपुर थाना में आवेदन देकर युवती का फोन ट्रेस करने और इस मामले में दोषी युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग में खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है। पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है। बहरहाल घर में शादी की खुशी मातम में बदल गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / हरि ॐ सुधांशु सुधांशु
