


बरेली, 21 अप्रैल (हि.स.) । शहर के समग्र विकास को नई दिशा देने में नगर निगम ने 1100 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक बजट सर्वसम्मति से पारित कर दिया। मंगलवार को नगर निगम सभागार में महापौर डॉ. उमेश गौतम की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में यह बजट पेश किया गया, जिसे सभी पार्षदों ने एकमत से मंजूरी दी। नगर निगम के इतिहास में पहली बार इतना बड़ा बजट बिना किसी विरोध के पास हुआ है, जिससे शहर के बुनियादी ढांचे में बड़े बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।

इस बजट में सड़क, रोशनी, सफाई, पेयजल, सीवर और सौंदर्यीकरण जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है। नगर निगम प्रशासन का दावा है कि यह बजट शहर को स्मार्ट और व्यवस्थित बनाने की दिशा में अहम कदम साबित होगा।
–सड़कों पर 120 करोड़, हर मोहल्ले तक पहुंचेगा विकास
शहर की जर्जर सड़कों को दुरुस्त करने और नई सड़कों के निर्माण के लिए 120 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। योजना के तहत मुख्य मार्गों के साथ-साथ कॉलोनियों और गलियों की सड़कों को भी बेहतर बनाया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार इससे यातायात सुगम होगा और लोगों को रोजमर्रा की आवाजाही में राहत मिलेगी।
–80 वार्डों में लगेंगी 30 हजार स्ट्रीट लाइटें
शहर की रोशनी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 30 हजार नई स्ट्रीट लाइटें लगाने का प्रस्ताव पास किया गया है। इसके लिए करीब 20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। योजना के तहत 80 वार्डों में प्रत्येक वार्ड में लगभग 300 से अधिक लाइटें लगाई जाएंगी। पार्षदों ने बैठक में बताया कि कई क्षेत्रों में अंधेरा होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नई स्ट्रीट लाइटें लगने से न सिर्फ रोशनी बढ़ेगी, बल्कि अपराध और हादसों में भी कमी आने की उम्मीद है।
–सफाई व्यवस्था मजबूत करने को 15 करोड़ मंजूर
नगर निगम ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 15 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इसके तहत हर घर से नियमित रूप से कूड़ा उठाने की व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इससे शहर को स्वच्छ रखने में मदद मिलेगी और प्रदूषण पर भी नियंत्रण होगा।
–हर गली तक पहुंचेगा पेयजल और सीवर नेटवर्क
शहर में पेयजल आपूर्ति और सीवर व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। नगर निगम का लक्ष्य है कि कोई भी गली ऐसी न रहे, जहां ये सुविधाएं उपलब्ध न हों। जरूरत पड़ने पर इस मद में अतिरिक्त बजट भी खर्च किया जाएगा। इस योजना से जलभराव, गंदगी और पेयजल की समस्या से जूझ रहे क्षेत्रों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
–330 पार्कों का होगा सौंदर्यीकरण, ग्रीन बरेली पर जोर
हरित और स्वच्छ शहर के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए 330 पार्कों के सौंदर्यीकरण के लिए 10 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा ‘ग्रीन बरेली’ और मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत 40 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नगर निगम का प्रयास है कि शहर में हरियाली बढ़े और नागरिकों को बेहतर पर्यावरण मिल सके।
–सीबीगंज में जल्द शुरू होगी नंदीशाला
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सीबीगंज क्षेत्र में दो माह के भीतर नंदीशाला का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इससे आवारा पशुओं की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए दो एजेंसियों का चयन किया गया है, जो उनकी नसबंदी का कार्य करेंगी।
–बंदरों की समस्या से निपटने को चलेगा अभियान
नगर निगम ने शहर में बंदरों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग के सहयोग से अभियान चलाने का फैसला किया है। इसके तहत बंदरों को पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी, जिससे लोगों को राहत मिल सके।
–राजस्व बढ़ाने का लक्ष्य, 750 करोड़ वसूली की तैयारी
नगर निगम ने अपनी आय बढ़ाने के लिए भी बड़ा लक्ष्य तय किया है। इस बार 600 करोड़ रुपये के मुकाबले 750 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए व्यवसायिक और गैर-व्यवसायिक स्रोतों पर विशेष फोकस किया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि राजस्व में बढ़ोत्तरी से विकास कार्यों को और गति मिलेगी।
–महापौर बोले, अब जमीन पर दिखेगा काम
महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि यह बजट शहर के समग्र विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें सभी प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किया गया है, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य सिर्फ बजट पास करना नहीं, बल्कि उसे धरातल पर उतारना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर वार्ड में रोशनी, पानी, सड़क और सीवर की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी और कोई भी क्षेत्र विकास से अछूता नहीं रहेगा।
–नई शुरुआत की ओर बढ़ता शहर
नगर निगम का यह बजट बरेली के लिए एक नई शुरुआत माना जा रहा है। यदि योजनाएं तय समय पर लागू होती हैं, तो शहर में बुनियादी सुविधाओं में बड़ा सुधार देखने को मिल सकता है। शहर को स्मार्ट, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में यह बजट महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
