राजगढ़, 21 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में लुटेरी दुल्हन गैंग द्वारा अविवाहित युवकों से ठगी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब एक साल से फरार चल रही मुख्य आरोपित महिला को पुलिस ने भोपाल से गिरफ्तार किया है।

थानाप्रभारी वीरेन्द्र धाकड़ ने मंगलवार को बताया कि ग्राम बांकपुरा निवासी रामगोपाल वर्मा की शादी न होने की मजबूरी का फायदा उठाते हुए आरोपित गोकुल वर्मा और जमुनालाल वर्मा ने साजिश रची। उन्होंने रामगोपाल को भोपाल निवासी दिव्या की तस्वीर दिखाकर शादी तय कराई और उससे दो लाख रुपये ले लिए। 23 अप्रैल को ब्यावरा के अंजनीलाल मंदिर में पूरे रीति-रिवाज से फर्जी विवाह कराया गया, ताकि किसी को शक न हो। विदाई के समय दुल्हन दिव्या और उसके साथी बाथरूम जाने का बहाना बनाकर मौके से गायब हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। 12 जून को आरोपित गोकुल और जमुनालाल को गिरफ्तार किया गया था, जो वर्तमान में जमानत पर हैं। लेकिन मुख्य आरोपित दिव्या लगातार पुलिस को चकमा देती रही। लगभग एक साल की तलाश के बाद पुलिस ने बीती रात में भोपाल से दिव्या को हिरासत में लिया। जांच में पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। वह योजनाबद्ध तरीके से युवकों को फंसाकर ठगी करती थी। मंगलवार को अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। यह गिरोह पूरी तैयारी के साथ भोले-भाले युवकों को शादी का सपना दिखाकर लाखों रुपये की ठगी कर चुका है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
