
बरेली, 21 अप्रैल (हि.स.) । पीसीईई/एनईआर के इज्जतनगर आगमन के दौरान रेल कर्मचारियों की ज्वलंत समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। मंगलवार को एन.ई. रेलवे मेंस कांग्रेस (इज्जतनगर) के पदाधिकारियों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा और त्वरित समाधान की मांग की।

संगठन की ओर से मंडल मंत्री रजनीश तिवारी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पीसीईई को ज्ञापन दिया। तिवारी ने बताया कि कर्मचारियों की समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं, जिन पर तत्काल ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने ज्ञापन के बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों से सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
ज्ञापन में लोको रनिंग स्टाफ से जुड़ी समस्याओं को विशेष रूप से उठाया गया। इसमें एचआरएमएस के माध्यम से स्थानांतरण में आ रही व्यावहारिक दिक्कतें, टीआरएस कार्यप्रणाली में सुधार, डीजल पावर की कमी, साप्ताहिक विश्राम की अनियमितता और रनिंग स्टाफ के लिए पर्याप्त विश्राम सुविधाओं का अभाव शामिल है। कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को भी गंभीर बताया।
इसके अलावा रनिंग रूम में भोजन और ठहरने की बेहतर व्यवस्था, महिला कर्मचारियों के लिए सुरक्षित व पृथक सुविधाएं, शेड और स्टेशन परिसरों में पार्किंग की समस्या, केब संचालन में देरी और तकनीकी कार्यों में बाधाओं जैसे मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए। कर्मचारियों ने कहा कि संसाधनों की कमी के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है।
मैलानी शेड सहित अन्य इकाइयों में अव्यवस्थाओं, उपकरणों के रखरखाव में कमी और प्रशासनिक स्तर पर अपेक्षित ध्यान न दिए जाने से कर्मचारियों को हो रही परेशानियों से भी अवगत कराया गया।
पीसीईई ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान संगठन के उपाध्यक्ष मनोज कुमार श्रीवास्तव, सहायक मंडल मंत्री अनिल शर्मा, शाखा अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह कटियार, शाखा मंत्री आलोक कुमार श्रीवास्तव समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
