गोरखपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। जिले में चल रहे तीन दिवसीय जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने या जनगणना करने से इनकार करने वालों पर सख्ती बरती जाएगी। गोरखपुर के जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि जो प्रगणक और सुपरवाइजर जनगणना के प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुपस्थित रहेंगे, उनके विरुद्ध जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 11 के तहत एफआईआर दर्ज की जाएगी। इस धारा में तीन साल तक की सजा हो सकती है।

प्रशिक्षण के पहले दिन नगर निगम क्षेत्र जोन 1,2,3, 4 एवं 5 एवं तहसील खजनी एवं कैम्पियरगंज में जनगणना प्रगणक व सुपरवाइजर का प्रशिक्षण प्रारम्भ किया गया है। जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण कर चेतावनी दी है कि यदि कोई कार्मिक प्रशिक्षण में शामिल नहीं होगा तो उनके खिलाफ तत्काल विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय
