सासाराम (रोहतास) जिला प्रशासन द्वारा मंगलवार को सायं 3 बजे प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि जिलान्तर्गत विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। कहीं से किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना का समाचार नहीं है। उपद्रवी, असामाजिक तत्वों के विरूद्ध पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है। अभी तक गिरफ्तारियों की संख्या – 49 हो गई है, जबकि 03 व्यक्ति को प्रिवेंटिव डिटेंशन में लिया गया है, समप्रति चिन्हित दोषी उपद्रवियों के विरूद्ध कुल 04 प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी 29 चिन्हित स्थानों पर बढ़ाते हुए कुल 58 स्थलों पर पुलिस बल के साथ दण्डाधिकारी चौबीस घंटे स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। प्रभावित इलाकों में वरीय दण्डाधिकारियों के नेतृत्व में गश्ती जारी है। एसएसबी / आरएएफ/ बीएमपी / एसटीएफ एवं जिला पुलिस बल के सभी लोग तैनात है। जिला कंट्रोल रूम पूर्ववत कार्यरत है। जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक रोहतास द्वारा शहर के प्रबुद्ध गणमान्य व्यक्तियों एवं धर्म गुरूओं के साथ शांति समिति की बैठक करते हुए समाज में साम्प्रदायिक सौहार्द बनाये रखने
एवं अफवाहों से बचने हेतु अपने स्तर से सभी नागरिकों से अपील करते हुए जिला प्रशासन को हर संभव सहयोग प्रदान करने हेतु अनुरोध किया गया। इसी प्रकार शहर के सभी प्रमुख धार्मिक संस्थानों यथा मन्दिर, मस्जिदों पर अपने-अपने स्तर से स्वयं सेवक / वालंटियर की प्रतिनियुक्ति करने का अनुरोध किया गया ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त होने पर त्वरित कार्रवाई हेतु जिला प्रशासन को ससमय सूचित किया जा सके। सभी सदस्यों से अनुरोध किया गया कि कोई वैसा स्थान, जहाँ उनके विचार से पुलिस बल / दण्डाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जानी चाहिए, उसकी सूचना प्रशासन को उपलब्ध कराएँ। सभी वार्ड पार्षदों के साथ बैठक कर वार्ड स्तर पर वार्ड सदभावना समिति का गठन करने हेतु अनुरोध किया गया। इस समिति में उस वार्ड के यथासंभव सभी समुदाय के जिम्मेदार व्यक्ति सदस्य के रूप में रहेंगे। वार्ड सदभावना समिति अपने-अपने वार्ड के नागरिकों को अफवाहों से बचाने एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाये रखने का कार्य करेगी एवं किसी भी प्रकार के गड़बडी एवं माहौल बिगाड़े जाने के कुत्सित प्रयास को जिला प्रशासन के संज्ञान में लाने का कार्य करेगी। विधि-व्यवस्था संधारण तथा शांति व्यवस्था कायम रखने में आम जनों के सहयोग हेतु जिला प्रशासन द्वारा उनका आभार व्यक्त किया जाता है। जिला प्रशासन आम जनों से आगे भी इसी सहयोग का आकांक्षी है। साथ ही जिला प्रशासन का यह निवेदन है कि किसी भी प्रकार के अफवाह पर विश्वास न करें। अफवाह फैलाने वाले से सावधान रहें। जो भी यदि अफवाह फैला कर शान्ति भंग करने का प्रयास करता है इसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन को दें।

