
कैमूर जिले के चैनपुर में एक विवाहिता का शव बरामद हुआ है। परिजनों का कहना है कि आधी रात को किसी ने मृतका को फोन कॉल किया था। अगले दिन यानी शनिवार को मृतका का शव बरामद दिया गया। पुलिस एसडीपीओ ने मामले की जांच करने की बात कही। इस मामले में संलिप्त आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
डिजिटल टीम, भभुआ। कैमूर जिले से बड़ी खबर सामने आई है। यहां के चैनपुर के लोला टोला से हत्या कर फेंका हुआ एक विवाहिता का शव मिला है। मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैली हुई है। घर से मात्र कुछ ही दूरी से विवाहिता का शव बरामद हुआ है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक मृतक महिला रोहतास जिला के तिलौथू थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी टिंकू खलीफा की पत्नी सबीना बीबी बताई जा रही है। इस मामले पर मृतका की मां खैरून बीबी ने बताया उनकी बेटी की शादी नौ साल पहले रोहतास जिला के सरैया गांव निवासी टिंकू खलीफा से हुई थी। मृतका की मां का आरोप है कि दामाद किसी गलत धंधे में संलिप्त था। दो महीने पहले उनकी बेटी अपने घर वापस आ गई थी। उनका कहना है कि मृतका को देर रात किसी का फोन आया और वो बाहर निकली। काफी देर तक वापस नहीं पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। गांव के बच्चों ने सबेरे मृतका का शव देखा। जिसके बाद वो चिल्लाने लगे। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। मृतका की मां ने शव को हत्या कर फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस से इस मामले की जांच की मांग की गई है।
घटना की जानकारी मिलने पर भभुआ एसडीपीओ शिव कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि चैनपुर के लोला टोला से एक अज्ञात महिला का शव बरामद होने की पुलिस को सूचना मिली थी। मृतका की पहचान हो गई है। परिजनों के आरोप पर उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कार्रवाई का भरोसा दिया है।