
बिहार पुलिस में करीब साढ़े चार वर्ष से अटकी प्रोन्नति की उम्मीद एक बार फिर जगी
बिहार पुलिस के 1743 इंस्पेक्टर व 10 हजार दारोगा की वरीयता सूची मांगी गई है। बिहार पुलिस एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार राज्य में सात से आठ हजार पुलिसकर्मी प्रोन्नति के इंतजार में हैं। अनुमान के अनुसार चार हजार दारोगा के पद प्रोन्नति से भरे जाने हैं। इसके अलावा 650 इंस्पेक्टर और 235 डीएसपी के पद भी प्रोन्नति से भरे जाएंग। हालांकि मामला कोर्ट में है, मगर संभावना जताई जा रही है कि अगले माह तक इस पर सकारात्मक फैसला आ सकता है।पुलिस मुख्यालय ने भी प्रोन्नति से पहले की जाने वाली कवायद शुरू कर दी है।
पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देश
पुलिस मुख्यालय के आईजी के द्वारा सभी महानिदेशक, अपर पुलिस महानिदेशक, सभी क्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस उप महानिरीक्षक को पत्र लिखकर सूचना उपलब्ध कराने को कहा है।अधिकारियों को सिपाही, सहायक अवर निरीक्षक, पुलिस अवर निरीक्षक और पुलिस निरीक्षक कोटि के पुलिसकर्मियों व पदाधिकारियों की विस्तृत सेवा विवरणी मांगी है।
चरित्र की गोपनीय रिपोर्ट भी मांगी
इसके साथ ही दारोगा और इंस्पेक्टर रैंक के पुलिस पदाधिकारियों की वार्षिक गोपनीय चारित्री रिपोर्ट भी एक सप्ताह में अपडेट करने को कहा गया है।चारों रैंक के पुलिसकर्मियों व पदाधिकारियों से जुड़ी रिपोर्ट एसपी से सत्यापित कराकर साफ्ट व हार्ड कापी में पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है।