
प्रशान्त परासर, डिजिटल डेस्क, डेहरी ऑन-सोन। रोहतास जिले में रविवार की रात राजद नेता के घर पर अज्ञात अपराधियों ने 12 राउं ड फायरिंग की है। घटना नोखा थाना क्षेत्र के हथिनी गांव की है। राजद नेता आशुतोष सिंह ने सोमवार को बताया कि अचानक घर के बाहर गोली चलने की आवाज सुनते ही मेरी पत्नी बाहर निकली उसके तुरंत बाद मैं भी निकला। उन लोगों ने हम लोगों के ऊपर भी गोलियां चलाई किन्तु हम लोग छुप गए।
बाइक सवार तीन लोग नकाब पहनकर आए थे। फायरिंग करने के बाद वो लोग भागने लगे तो गांव वालों ने उनको रोकने की कोशिश की। इस दौरान उनकी भिड़ंत भी हुई, लेकिन उन लोगों ने ग्रामीणों पर भी फायरिंग किया और फरार हो गए।
लगभग 12 राउंड फायरिंग की गई है जिसमें घर का सोलर प्लेट, छज्जा आदि क्षतिग्रस्त हुआ। घटना के बाद घर और गांव में दहशत का माहौल है। मामले की सूचना पाकर पुलिस पहुंची और जांच में जुट गई। मौके से कई खोखे भी मिले हैं। आशुतोष सिंह ने बताया कि तीनों बाइक सवार ने चेहरे पर कपड़ा से धका हुआ था इसलिए उनकी कोई पहचान नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि घटना का कारण साफ नहीं है। उनकी किसी से दुश्मनी नहीं है, न ही कभी किसी तरह की धमकी मिली है। बताया कि घटना की जानकारी थाना प्रभारी, एसपी को जानकारी दे दी गई है। अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया है।
गेट पर सीसीटीवी नहीं था
आशुतोष सिंह ने बताया कि उनके आवास के गेट पर मरम्मत का काम चल रहा था। वहां लगे सीसीटीवी को फिलहाल हटा लिया गया था इसलिए घटना का कोई फुटेज नहीं है। नोखा थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर गई थी। मौके से खाली खोखे बरामद हुए हैं। घटना की जांच की जा रही है।
