
डिजिटल टीम, डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास)। डालमियानगर के रहने वाले सुधांशु सिंह ने आईईएस की इस साल परीक्षा में पूरे देश में दूसरा स्थान पाया है। उन्होंने शीर्ष परीक्षा में सफलता के पीछे कड़ी मेहनत और धैर्य को श्रेय़ दिया है। बातचीत के दौरान सुधांशु ने कहा कि आईआईटी दिल्ली से साल 2018 में उन्होंने बीटेक पूरा किया था। पिछले साल हुई गेट की परीक्षा में उसे 16वां स्थान मिला। उन्होंने कहा कि माता पिता के सपनों को पूरा करने के लिए उन्होंने लगातार मेहनत की। सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी। उन्होंने कहा कि अर्जुन की तरह अगर लक्ष्य पर निशाना हो तो सफलता आपके आस पास रहेगी। मूल रुप से जिले के दरिहट गांव के रहने वाले सुधांशु ने अपनी स्कूली शिक्षा मॉडल स्कूल से पूरी की थी। पिता मनोज कुमार सिंह इस सफलता से फूले नहीं समा रहे हैं। पिता मूल रुप से किसान हैं। माताजी लीलावती देवी गृहिणी हैं।