देहरादून (एजेंसी)। बनभूलपुरा बवाल में उपद्रवियों की गोली लगने से बिहार के प्रकाश कुमार की मौत हो गई है। वह घर से नैनीताल घूमने की बात कहकर निकला था। उसका शव रेलवे पटरी से बरामद किया गया। स्थानीय प्रशासन ने युवक की शिनाख्त कर सूचना बिहार में उसके परिजनों को दे दी है। बीते गुरुवार को बनभूलपुरा में मलिक के बगीचे में अवैध मदरसा व नमाज स्थल को हटाने के दौरान बवाल हुआ था। मुस्लिम समुदाय के सैकड़ों उपद्रवियों ने पुलिस, नगर निगम व प्रशासन की टीम पर पथराव के बाद क्षेत्र में आगजनी कर दी थी। 100 से अधिक वाहनों और बनभूलपुरा थाने को फूंका गया। असलहों से ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं गई। स्थिति नियंत्रण से बाहर होने पर जिला प्रशासन ने उपद्रवियों को गोली मारने के आदेश दिए थे। इसके बाद से हल्द्वानी में कर्फ्यू लगा दिया गया। तब चार लोगों के शव मिले थे। अगले दिन यानी शुक्रवार को बनभूलपुरा के पास रेलवे पटरी पर 26 साल के एक युवक का शव बरामद हुआ। उसके सिर पर तीन गोलियों के निशान थे। पुलिस ने पहले शिनाख्त बाजपुर के प्रकाश सिंह के रूप में की। शनिवार को युवक की सही पहचान बिहार के ग्राम छिनी, थाना बड़हैरा, जिला भोजपुर के रूप में हुई। स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार युवक के स्वजन से बात हो चुकी है। उन्होंने बताया है कि प्रकाश तीन दिन पहले नैनीताल घूमने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद उससे बात नहीं हुई।

GOVINDA MISHRA

Proud IIMCIAN. Exploring World through Opinions, News & Views. Interested in Politics, International Relation & Diplomacy.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!