
* निरीक्षी न्यायाधीश ने किया नए कोर्ट भवन का शिलान्यास
सासाराम (रोहतास) पक्षकारों को न्याय की सुलभता देना न्यायालय का कर्तव्य है। उसके लिए सुरक्षा होना भी बहुत जरूरी है। जिसके लिए भवन निर्माण एक अहम कड़ी है। उक्त बातें शनिवार को रोहतास न्याय मंडल के निरीक्षी न्यायाधीश सह पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति ए अभिषेक रेड्डी ने कही। शनिवार को रोहतास के निरीक्षी न्यायाधीश ए अभिषेक रेड्डी शाम पांच बजे सासाराम पहुंचे जहां उन्होने सासाराम व्यवहार न्यायालय परिसर में नए न्यायालय भवन का शिलान्यास किया। इसके पश्चात न्यायमूर्ति ने न्यायालय परिसर स्थित वृंदावन पार्क में वृक्षारोपण भी किया। बताते चलें कि सासाराम व्यवहार न्यायालय परिसर में न्यायालय भवन की कमी को देखते हुए न्याय प्रशासन द्वारा पूर्व में कई जगहों पर न्यायालय भवन हेतु स्थान चिन्हित किया गया था। जिसके बाद न्यायालय भवन में ही अनुमंडल कार्यालय से सटे खाली परिसर में नए तीन मंजिला छह न्यायालय भवन का शिलान्यास किया। इस मौके पर जिला जज अरुण कुमार श्रीवास्तव, परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश अभिषेक कुमार दास सहित सभी न्यायिक पदाधिकारी एवं न्यायालय कर्मी मौजूद रहे।