
डिजिटल टीम, नई दिल्ली। दक्षिण भारत के तटवर्ती राज्य केरल के वायनाड में मेप्पाडी के पास मंगलवार को भूस्खलन के कारण 40 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई। इस संबंध में केरल सरकार में मंत्री एमबी राजेश ने 43 लोगों की मौत की पुष्टि की है। राज्य सरकार का कहना है कि इनकी संख्या ज्यादा भी हो सकती है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना के बाद चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में 250 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। घटना मंगलवार को दो-तीन बजे के बीच की बताई जा रही है। इस मामले में संसद में मंगलवार को चर्चा भी हुई। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राहत और बचाव कार्य के संबंध में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी बात की है।
राज्य सरकार की मंत्री वीना जॉर्ज ने बताया कि 24 लोगों के शव अस्पतालों तक पहुंचाए गए हैं। जबकि क़रीब 70 लोग घायल हैं। उन्होंने बताया कि वायनाड के अस्पतालों में ज़रूरी दवाएं पहुंचाई जा रही हैं। भूस्खलन में बड़ी संख्या में लोगों के फँसे होने की संभावना है। घटना के सामने आने के बाद एनडीआरएफ, कन्नूर डिफेंस सिक्योरिटी कोर और एयर फोर्स के हेलिकॉप्टर बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। लेकिन बारिश के कारण इसमें परेशानी हो रही। इस मामले में मुख्यमंत्री विजयन के कार्यालय ने जानकारी दी है कि भूस्खलन वाली जगह तक पहुंचने के लिए सेना से एक अस्थायी पुल बनाने में मदद करने के लिए कहा गया है। आपको बता दें कि केरल में बीते दिनों में कई जगहों पर भारी बारिश हुई है। जिसमें मुंडक्कई, अट्टामाला और कुंहोम जैसे इलाके भी शामिल हैं। वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस घटना पर शोक प्रकट किया है।