डिजिटल टीम, नई दिल्ली। सेवा इंटरनेशनल द्वारा आयोजित “दीपउत्सव” कार्यक्रम में, प्रसार भारती के सलाहकार कंचन गुप्ता ने भारतीय मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “भारतीय मीडिया को भारतीय लेंस से देखा जाना चाहिए, न कि किसी और लेंस से। हमें अपनी संस्कृति, मूल्यों और परंपराओं को समझना होगा और उन्हें प्रसारित करना होगा।” गुप्ता ने आगे कहा, “आज डीडी के सभी चैनल अच्छे तरीके से कार्य कर रहे हैं और उन्हें दुनिया में रैंकिंग भी मिल रही है। हमें अपने कंटेंट को समझना होगा और दर्शकों को इसके लिए तैयार करना होगा। भारत की सूचना क्रांति सकारात्मक होने वाली है और हम तकनीक के सहारे नए विषय वस्तुओं का निर्माण कर रहे हैं।”


सेवा इंटरनेशनल के सचिव श्याम परांडे ने कहा, “किसी भी समाज के विकास में मीडिया का बहुत महत्वपूर्ण योगदान होता है। मीडिया जो गढ़ता है, वह समझ में चर्चा का विषय बनता है और समाज उससे प्रभावित होता है। हमें अपने नजरिये से खबरों को देखना और समझना होगा।” परांडे ने आगे कहा, “सेवा इंटरनेशनल एक अंतरराष्ट्रीय संस्था है जो दुनिया के 22 से अधिक देशों में काम करती है। हम आपदा प्रबंधन में महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं और समाज के विकास में योगदान दे रहे हैं।” कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने भारतीय मीडिया की भूमिका पर चर्चा की और इसके महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय मीडिया को सकारात्मकता को बढ़ावा देना चाहिए और समाज को दिशा देनी चाहिए।

