बिहार के शिक्षकों की सबसे बड़ी प्रोफेशनल लर्निंग कम्युनिटी Teachers of Bihar – The Change Makers (ToB) ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर शिक्षा के क्षेत्र में एक नया इतिहास रच दिया है। बिहार राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (SCERT) ने Teachers of Bihar के साथ एक महत्वपूर्ण साझेदारी की है, जिसके तहत SCERT की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का विकास और प्रबंधन अब ToB की टेक्निकल टीम के नेतृत्व में किया जाएगा।

एक साकारात्मक सोच का साकार रूप

20 जनवरी 2019 को शिक्षक शिव कुमार द्वारा शुरू की गई यह फेसबुक कम्युनिटी, आज बिहार के शिक्षकों की पहचान बन चुकी है। इसकी शुरुआत एक साकारात्मक सोच के साथ हुई थी –
“शिक्षकों के नवाचारों, शिक्षण विधियों और रचनात्मक कार्यों को देश-विदेश तक पहुंचाना और उन्हें नई पहचान देना।”
कई ऐसे हुनरमंद शिक्षक, जिनकी प्रतिभा उनके विद्यालय की चारदीवारी तक ही सीमित थी, इस मंच के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान बना चुके हैं। सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के शिक्षक, जिन्होंने सीमित संसाधनों में अपने शिक्षण कौशल से शिक्षा की अलख जगाई है, उन्हें Teachers of Bihar ने नई पहचान और सम्मान दिलाने का कार्य किया है।

शिक्षकों के लिए, शिक्षकों द्वारा – बिहार की सबसे बड़ी प्रोफेशनल लर्निंग कम्युनिटी
ToB आज केवल एक फेसबुक पेज नहीं, बल्कि 2 लाख से अधिक शिक्षकों, शिक्षा अधिकारियों और शिक्षा प्रेमियों की एक सशक्त डिजिटल कम्युनिटी है। यह मंच शिक्षकों के नवाचार, उनके रचनात्मक कार्यों और शिक्षा व्यवस्था में हो रहे सकारात्मक बदलावों को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है।
SCERT के साथ ऐतिहासिक करार
ToB की टेक्निकल टीम अब SCERT बिहार की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया मंचों के विकास और संचालन की जिम्मेदारी संभालेगी। इस महत्वपूर्ण कार्य का नेतृत्व Er. शिवेंद्र प्रकाश सुमन, Technical Team Leader, Teachers of Bihar द्वारा किया जाएगा। उनकी अगुवाई में ToB की टेक्निकल टीम SCERT की डिजिटल उपस्थिति को सुदृढ़ करने और शिक्षकों को डिजिटल संसाधनों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
संस्थापक का गौरव
ToB के संस्थापक शिव कुमार, जो वर्तमान में उत्क्रमित मध्य विद्यालय नारायणपुर, विक्रम (पटना) में ग्रेजुएट शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं, ने इस उपलब्धि पर कहा –
“यह समझौता शिक्षकों की सामूहिक शक्ति, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। यह मंच शिक्षकों के नवाचारों को पहचान देने और शिक्षा में बदलाव लाने के लिए बना है। हम शिक्षक हैं और हम ही बदलाव के निर्माता हैं।”
शिव कुमार जी को शिक्षा के क्षेत्र में 24 वर्षों का अनुभव है। वे बिहार राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) के कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स और NCERT के विभिन्न मॉड्यूल पर काम कर चुके हैं। साथ ही, कई पाठ्यपुस्तकों और नवाचार आधारित प्रोजेक्ट्स के निर्माण में उनका योगदान रहा है।
ToB के मंच से प्रेरित होकर कई शिक्षक राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हो चुके हैं। इस मंच के माध्यम से ‘बालमन’, ‘बाल मंच’ और हाल ही में ‘प्रज्ञानिका’ जैसी ई-पत्रिकाओं का संपादन और विमोचन किया गया है, जिसने बिहार के छात्र-छात्राओं को अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए एक मंच प्रदान किया है।
यह समझौता यह साबित करता है कि सही सोच, साकारात्मक प्रयास और सामूहिक भागीदारी से बिहार की शिक्षा व्यवस्था में बदलाव लाया जा सकता है।
