
नई दिल्ली, 8 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर पश्चिम जिला पुलिस ने जहांगीर पुरी मेट्रो स्टेशन के पास से पांच अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से प्रतिबंधित आईएमओ ऐप से लैस सात मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। जिनका उपयोग ये अपने परिवारजनों से संपर्क साधने के लिए कर रहे थे।
उत्तर पश्चिम जिले के डीसीपी भीष्म सिंह ने मंगलवार को बताया कि पकड़े गए सभी नागरिकों ने भारत में अवैध रूप से घुसपैठ की थी। ट्रेनों के जरिए दिल्ली पहुंचे थे। जांच में खुलासा हुआ है कि ये लोग अपने असली पहचान को छुपाने के लिए ट्रांसजेंडर का रूप धारण कर भीख मांगने और अन्य गतिविधियों में संलिप्त थे। उन्होंने पुलिस से बचने के लिए हार्मोनल इंजेक्शन व सर्जरी का भी सहारा लिया था।
पकड़े गए आरोपितों की पहचान मोहम्मद शकीदुल, मोहम्मद दुलाल, मोहम्मद आमिरुल, मोहम्मद माहिर उर्फ माहि और मोहम्मद सद्दाम हुसैन उर्फ रुबीना के रूप में हुई है।
डीसीपी के अनुसार उत्तर पश्चिम जिले में अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया हुआ है।
इसी क्रम में जहांगीर पुरी और महेन्द्रा पार्क थाना क्षेत्र में एक विशेष टीम गठित की गई थी। सात दिनों की निगरानी और तकनीकी विश्लेषण के बाद एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। पुलिस की टीम ने सुबह तड़के जाल बिछाकर पांच संदिग्धों को दबोचा। पुलिस के मुताबिक इनके पास से सात मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। इनमें प्रतिबंधित आईएमओ ऐप इंस्टॉल था। गिरफ्तार किए गए सभी व्यक्तियों को एफआरआरओ, आरके पुरम को सौंप दिया गया है।