चेन्नई। दक्षिण भारत के चेन्नई स्थित सूर्य मंदिर में भगवान सूर्यदेव की पंचधातु की प्रतिमा का भव्य स्थापना समारोह संपन्न हुआ। यह आयोजन अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि के तौर पर शाकद्वीपीय समाज के दिग्गज और महासभा के संरक्षक सुनील शर्मा मौजूद थे। उनका स्वागत तिलक-वंदन और माल्यार्पण से किया गया। उन्होंने समाज के सभी सदस्यों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि भगवान सूर्यदेव की आराधना से जीवन में ऊर्जा, ज्ञान और आत्मबल प्राप्त होता है। कार्यक्रम का आयोजन चेन्नई शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासभा और चेन्नई शाकद्वीपीय महिला मंडल ने संयुक्त रुप से किया। प्राण प्रतिष्ठा पुष्कर निवासी पुरोहित विट्ठल जी ने सम्पन्न कराया।
दो दिवसीय कार्यक्रम में पूजा अनुष्ठान का कार्यक्रम, प्रसाद वितरण और आरती का कार्यक्रम जारी रहा। इस दौरान चेन्नई और राजस्थान के अनेक सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। शाकद्वीपीय समाज के संगठन से जुड़े सदस्यों ने गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली, जिसमें महिलाएँ और पुरुष बड़ी संख्या में शामिल हुए। यात्रा के दौरान जयघोष के साथ समाज की एकता और परंपरा का अद्भुत प्रदर्शन हुआ। कार्यक्रम के दौरान शाकद्वीपीय महिला समिति ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। इस आयोजन को सफल बनाने में चेन्नई शाकद्वीपीय ब्राह्मण समाज और महिला शाखा के पदाधिकारियों, सदस्यों का विशेष योगदान रहा। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान भगवान भाष्कर की प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा, अभिषेक पुजन मुख्य अतिथि सुनील शर्मा ने किया।
कार्यक्रम के दौरान शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष किशोर शर्मा, महासभा के अध्यक्ष अशोक कुमार माथुरिया सहित समाज के सदस्य और संगठन के पदाधिकारी मौजूद थे।